जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह नहर में 26 जुलाई को मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मामले में हत्या के आरोपी दासमत बास्के, निवासी छोटा बांदुआ, थाना पोटका को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी से परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया.



सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 8.20 बजे कलियाडीह नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. बाद में मृतका की पहचान जुगसलाई बंगालीपाड़ा निवासी किरण देवी (45 वर्ष), पति सुंदर प्रसाद के रूप में हुई. मृतका के पुत्र घनश्याम सिंह के लिखित आवेदन पर यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया. जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर दासमत बास्के पर संदेह हुआ. इसके बाद 1 अगस्त को परसुडीह थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मृतका लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी. इससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी और शव को कलियाडीह नहर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या प्रतीत हो.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी (JH05EF-3277), एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का थैला तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.





