जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल से होमगार्ड जवानों को हटाने के कथित आदेश के विरोध में रविवार को झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने जमशेदपुर के आम बागान मैदान में आमसभा कर विरोध जताया. एसोसिएशन ने निर्णय वापस नहीं लिए जाने पर झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने के साथ लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है.


आमसभा की अध्यक्षता जमशेदपुर जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा सिंह ने की, जबकि संचालन कोल्हान सचिव विनय सिंह ने किया. इसमें प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी, चाईबासा जिला अध्यक्ष चरण चातर, सरायकेला- खरसावां जिला अध्यक्ष प्रकाश पूर्ति, जमशेदपुर जिला महिला प्रतिनिधि रामेश्वरी कालिंदी सहित बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान शामिल हुए.
प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री से फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की. उन्होंने कहा कि अधिकांश होमगार्ड जवान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और अस्पताल से हटाए जाने की स्थिति में उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है.
जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा सिंह ने कहा कि यदि जवानों को एमजीएम अस्पताल से हटाया गया तो एसोसिएशन झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के साथ आंदोलन करेगा. सभा में जवानों ने रोजगार, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.

