लोहरदगा: भंडरा प्रखंड मुख्यालय स्थित जामा मस्जिद के समीप सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का शिलान्यास बुधवार को जिला परिषद सदस्य राजमणि उरांव ने किया. सामुदायिक शौचालय के निर्माण से स्थानीय लोगों, नमाजियों और आसपास के स्कूली बच्चों को सुविधा मिलने की उम्मीद है.


कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य शमिल उरांव और प्रखंड अंजुमन कमेटी के सदर आफताब आलम मुख्य रूप से उपस्थित रहे. आफताब आलम ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. इसके निर्माण से आम लोगों और नमाजियों के साथ स्कूली बच्चों को भी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा.
जिला परिषद सदस्य राजमणि उरांव ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी. मौके पर अलाउद्दीन साहब, अयूब अंसारी, फिरोज अंसारी, बाबर अंसारी, मुमताज अंसारी, समीर अंसारी, कलाम अंसारी सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे.

