जमशेदपुर: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने कोल्हान विश्वविद्यालय के स्नातक अंतिम वर्ष (सत्र 2022 -2026) के छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर राज्यपाल सह कुलाधिपति, कुलपति, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) एवं परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा है. संगठन ने विश्वविद्यालय से अक्टूबर 2026 से पहले सेमेस्टर- 7 की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर परिणाम प्रकाशित करने तथा सेमेस्टर-8 की परीक्षा समय पर आयोजित करने की मांग की है.



आजसू का कहना है कि चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूजीपी) का शैक्षणिक सत्र एक वर्ष से अधिक की देरी से चल रहा है. इसका सीधा असर छात्रों के उच्च शिक्षा में नामांकन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के अवसरों पर पड़ रहा है. संगठन ने आरोप लगाया कि सत्र में हुई देरी के लिए छात्र नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय स्तर की प्रशासनिक और संस्थागत खामियां जिम्मेदार हैं.
ज्ञापन में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम- 2026, यूजीसी के दिशा-निर्देश, नई शिक्षा नीति (एनईपी- 2020) और राजभवन के निर्देशों का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से विशेष कार्ययोजना बनाकर लंबित शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की मांग की गई है. साथ ही परीक्षा की गुणवत्ता से समझौता किए बिना मूल्यांकन कार्य में तेजी लाने और समयबद्ध परीक्षा आयोजित करने का आग्रह किया गया है.
आजसू ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा. छात्रों ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा.





