रांची: खरसावां में सोना सिंचाई योजना के तहत खरसावां शाखा नहर से निकलने वाली छह वितरणियों के जीर्णोद्धार का मामला विधायक दशरथ गागराई ने विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से उठाया. विधायक के तारांकित प्रश्न संख्या 03 के जवाब में राज्य सरकार ने स्वीकार किया कि इन वितरणियों के जीर्णोद्धार की आवश्यकता है.



विधायक दशरथ गागराई ने सरकार से जानना चाहा कि सोना सिंचाई योजना अंतर्गत खरसावां शाखा नहर से निकलने वाली वितरणियों की जर्जर स्थिति को देखते हुए उनके जीर्णोद्धार के लिए क्या कार्रवाई की जा रही है.
प्रश्न के जवाब में सरकार ने बताया कि सोना सिंचाई योजना के अंतर्गत सोना मुख्य नहर से निकलने वाली चार वितरणियां जर्जर अवस्था में हैं. इन वितरणियों के बेड में गाद जमा हो गई है. कई स्थानों पर झाड़ियां उग आई हैं तथा नहर के बैंक का अस्तित्व भी समाप्त हो गया है. इसके कारण वितरणियों में कुछ ही दूरी तक पानी का प्रवाह हो पा रहा है.
सरकार की ओर से बताया गया कि इन वितरणियों के जीर्णोद्धार के लिए कार्यपालक अभियंता, जलपथ प्रमंडल, चाईबासा द्वारा प्राक्कलन समर्पित किया जा चुका है. प्रश्नगत कार्य की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने से किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. जर्जर नहरों और वितरणियों के कारण खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है. ऐसे में जीर्णोद्धार कार्य को जल्द स्वीकृति देकर धरातल पर काम शुरू कराया जाना आवश्यक है.





