सरायकेला: कुचाई चौक से प्रखंड कार्यालय एवं कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तक जाने वाली जर्जर सड़क का गुरुवार को विधायक दशरथ गागराई के निर्देश पर बीडीओ साधुचरण देवगम, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, झामुमो प्रखंड सचिव मुन्ना सोय एवं वसी खान ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. सड़क की बदहाल स्थिति का जायजा लेने के बाद जल्द मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया.



निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम लोगों के साथ-साथ कस्तुरबा विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को विशेषकर बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है.
विधायक दशरथ गागराई ने विद्यार्थियों की सुविधा और आम जनता की परेशानी को देखते हुए अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है. उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी.
जानकारी के अनुसार निविदा प्रक्रिया के तहत पैकेज संख्या-12 में कुचाई ब्लॉक चौक से सेरेंगदा तक सड़क निर्माण कार्य भी शामिल है. लेकिन स्थायी निर्माण कार्य शुरू होने से पहले आवागमन सुचारु रखने के उद्देश्य से सड़क की मरम्मत कराई जा रही है.
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र की आम जनता के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े सभी मुद्दों का त्वरित समाधान किया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान बीडीओ साधुचरण देवगम, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, झामुमो प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, वसी खान, वनवासी लाल सोय, वैद्यनाथ महतो, नरेश मुंडा सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





