पटना: जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर गांव के पास गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव के पास एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है. सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.



जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय के समीप सड़क किनारे युवक का शव पड़ा होने की सूचना सुबह ग्रामीणों को मिली. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. शव के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं. वहीं शव के पास पड़ा देसी कट्टा मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है.
मृतक की पहचान सुजीत यादव के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बाढ़ थाना क्षेत्र के हासनचक गांव का निवासी था. हालांकि वह लंबे समय से बुढ़ऊदिनचक में रह रहा था.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सुजीत यादव पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था. हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है.
बाढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का. पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





