कपाली/ Afroz Mallik नगर परिषद क्षेत्र में भाभी होटल (सौरभ स्टोर) के समीप मुख्य सड़क इन दिनों जलजमाव और अव्यवस्था का शिकार बनी हुई है. स्थानीय लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं- यह तालाब नहीं साहेब, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर है.

भाभी होटल से पोस्ट ऑफिस जाने वाली सड़क के किनारे से लगातार पानी बह रहा है. हैरानी की बात यह है कि पास में नाली होने के बावजूद पानी सड़क पर फैलकर जमा हो रहा है, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं.
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि सरकारी सप्लाई पाइपलाइन में रिसाव या पाइप फटने की समस्या हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन हजारों लीटर पानी यूं ही सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है. यह मार्ग कपाली ओपी और सरकारी प्लस टू हाई स्कूल जाने का मुख्य रास्ता है, जहां से रोज बड़ी संख्या में लोग और छात्र-छात्राएं गुजरते हैं. लेकिन जलजमाव और फिसलन के कारण यह सड़क अब खतरनाक बन चुकी है. कई मोटरसाइकिल और स्कूटी सवार यहां गिरकर चोटिल हो चुके हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जांच कर वास्तविक कारण का पता लगाया जाए, पाइपलाइन की मरम्मत की जाए और सड़क को दुरुस्त कर आम जनता को राहत दी जाए.

