जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर दहशत फैला दी. घटना कानगोई फाटक के समीप शास्त्री नगर की है, जहां देर रात अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने जूता-चप्पल व्यवसायी राजू प्रसाद की दुकान को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी.

बताया जा रहा है कि हमलावरों द्वारा चलाई गई दो गोलियां दुकान में लगे शीशे को आर-पार करते हुए निकल गईं. हालांकि इस हमले में व्यवसायी राजू प्रसाद बाल-बाल बच गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागूरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है.
फिलहाल गोलीबारी के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

