चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने डोबो क्षेत्र में रंगदारी मांगने और मारपीट कर घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सन्नी कर्मकार को गिरफ्तार किया है. आरोपी जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमुहानी के निर्मल नगर का रहने वाला है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


पुलिस के अनुसार डोबो क्षेत्र में कल्टू सिंह से कथित रूप से रंगदारी मांगी गई थी. आरोप है कि रंगदारी को लेकर हथियार के बल पर उसके साथ मारपीट कर उसे घायल भी किया गया था. शिकायत मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी.
इसी क्रम में पुलिस को सन्नी कर्मकार के निर्मल नगर स्थित अपने घर पर मौजूद होने की सूचना मिली. कपाली पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कपाली ओपी लाकर पूछताछ की गई और फिर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
दो आरोपी पहले गिरफ्तार, एक कर चुका है सरेंडर
बताया गया कि इस मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है. मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है.
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार गिरफ्तार सन्नी कर्मकार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह सोनारी थाना क्षेत्र से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

