धनबाद: गैंगस्टर प्रिंस खान के बड़े भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद अब एक वीडियो चर्चा में है. वायरल वीडियो में बंटी खान अपने भाई प्रिंस खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे धनबाद लौटकर कानून का सामना करने की चुनौती देता दिखाई दे रहा है. वीडियो में वह पुलिस से प्रिंस खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उसके एनकाउंटर तक की बात कहता है. बंटी यहां तक कहता सुनाई दे रहा है कि यदि पुलिस प्रिंस खान का एनकाउंटर करती है तो परिवार के लोग उसकी मिट्टी में भी नहीं जाएंगे.


बंटी का यह बयान इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि वह अपने ही भाई पर परिवार को छोड़कर भागने का आरोप लगा रहा है. वायरल वीडियो में उसका कहना है कि प्रिंस खान अपना परिवार लेकर चला गया और यहां दूसरे परिजनों को परेशानियों का सामना करने के लिए छोड़ दिया.
बयान से ज्यादा उसके सार्वजनिक होने के तरीके पर सवाल
बंटी खान के आरोप अपनी जगह हैं, लेकिन इससे बड़ा सवाल यह है कि यह वीडियो कब, कहां और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया. यदि वीडियो उस अवधि का है जब बंटी पुलिस अभिरक्षा में था, तो यह जांच का विषय है कि रिकॉर्डिंग किसने की, किसकी मौजूदगी में हुई और इसे सार्वजनिक किसने किया. सिर्फ वीडियो वायरल होने के आधार पर यह निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा कि पुलिस ने आधिकारिक रूप से उसका बयान जारी किया. लेकिन यदि यह प्रमाणित होता है कि वीडियो पुलिस अभिरक्षा के दौरान बनाया गया, तो पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करना जरूरी हो जाता है.
बंटी खान का वह वीडियो जो वायरल है
वासेपुर में हमले को लेकर भी जवाब जरूरी
इससे पहले सोमवार को गिरफ्तारी और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बंटी खान को पुलिस सुरक्षा में वासेपुर ले जाए जाने के दौरान उस पर हमला किए जाने की बात सामने आई थी. यदि किसी गिरफ्तार व्यक्ति पर पुलिस अभिरक्षा के दौरान हमला हुआ है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. यहां जांच का महत्वपूर्ण बिंदु यह होना चाहिए कि बंटी को वासेपुर ले जाना क्यों आवश्यक था. उसके मूवमेंट के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे. भीड़ उसके इतने करीब कैसे पहुंची. हमला करने वालों की पहचान हुई या नहीं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई. हालांकि बिना साक्ष्य के यह कहना कि पुलिस ने जानबूझकर हमला करवाया, उचित नहीं होगा. ऐसा आरोप तभी स्थापित हो सकता है जब जांच में उसके समर्थन में तथ्य सामने आएं. मगर सवाल उठना लाजिमी है.
Video लिंक देखें जिसमें भीड़ अचानक बंटी खान पर टूट पड़ी और पुलिस कस्टडी में उसकी पिटाई करने लगी👇
प्रिंस बनाम पुलिस की लड़ाई में नया मोड़
पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में गैंगस्टर प्रिंस खान और धनबाद पुलिस के बीच पिछले दिनों सामने आए वीडियो और बयानों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. प्रिंस खान की ओर से कथित तौर पर पुलिस अधिकारियों खासकर एसएसपी को निशाना बनाते हुए वीडियो जारी किए जाते रहे हैं. दूसरी ओर पुलिस उसके नेटवर्क और सहयोगियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई का दावा करती रही है. पुलिस के मुताबिक बंटी खान को कोलकाता से उस समय पकड़ा गया जब वह कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुबई जाने की तैयारी में था. ऐसे में अब बंटी का अपने ही भाई के खिलाफ सामने आया वीडियो पूरे मामले में एक नया मोड़ लेकर आया है. मगर सबसे महत्वपूर्ण सवाल फिलहाल बंटी ने क्या कहा, इससे आगे जाकर यह है कि उसने यह बयान कब और किन परिस्थितियों में दिया. क्या वह उस वक्त पुलिस अभिरक्षा में था. वीडियो किसने रिकॉर्ड किया और सबसे पहले सार्वजनिक किसने किया. वासेपुर में पुलिस सुरक्षा के बीच उस तक हमलावर कैसे पहुंचे.
इन सवालों का जवाब पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट होगी. अब यह भी देखना दिलचस्प होगा कि बंटी खान के इस वायरल बयान पर प्रिंस खान की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं.

