चांडिल: 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को कपाली में धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकार की तस्वीर भी देखने को मिली. कोल्हान यूथ वेलफेयर सोसाइटी और कपाली कांग्रेस नगर कमेटी की ओर से कपाली टीओपी चौक पर बच्चों के बीच मदनी कायदा और स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया.


मो. इनामूल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे शामिल हुए. इस दौरान बच्चों को मदनी कायदा, कॉपी, पेंसिल, रबड़ और कटर दिए गए. सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे.
आयोजकों ने कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी खुशी, मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है. इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का प्रयास किया गया है. उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में कपाली कांग्रेस नगर कमेटी के अध्यक्ष शानूर रहमान, मो. डॉक्टर, शेख शमीम और शेख शारुख समेत कई लोग मौजूद रहे. सभी ने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और लोगों को जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए क्षेत्र में अमन, एकता और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया. आयोजकों ने भविष्य में भी समाजहित में इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

