जमशेदपुर: रक्षाबंधन के अवसर पर रचनात्मकता को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए रोटरैक्ट क्लब ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (RACNSU) की ओर से नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल (NSPS) में राखी मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें 250 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां तैयार कीं.


आयोजन की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई राखियों को बिक्री के लिए रखा जाएगा और इससे प्राप्त पूरी राशि का उपयोग स्लम क्षेत्रों की बेटियों के लिए कन्या पूजन के आयोजन में किया जाएगा.
कार्यक्रम में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के कुलसचिव नागेंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे. उन्होंने बच्चों की बनाई राखियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता और सामाजिक संवेदनशीलता की सराहना की. उन्होंने कहा कि बच्चों का छोटा सा रचनात्मक प्रयास जब वंचित वर्ग की बेटियों के कल्याण से जुड़ता है तो वह समाज के लिए बड़ा संदेश बन जाता है.
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से आकर्षक राखियां बनाईं. रोटरैक्ट क्लब ने इस आयोजन को अपने मूल मंत्र ‘Fellowship Through Service’ यानी सेवा के माध्यम से बंधुत्व से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में समाज सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की पहल बताया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरैक्ट क्लब के सदस्यों, फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स, स्कूल के प्राचार्य तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. क्लब ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामाजिक सेवा से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

