जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की. धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला प्रभारी शशिभूषण राय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए.


धरना के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य में बढ़ रही कथित चढ़ावा चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. साथ ही MMDR (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 का विरोध किया. वक्ताओं ने इसे झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि प्रस्तावित संशोधन राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने वाला और संघीय ढांचे की भावना के विपरीत है.
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला अधिकार राज्य और यहां की जनता का है. उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी नीतियों से झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं.
जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने कहा कि कांग्रेस राज्य के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया.
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और झारखंड के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

