आदित्यपुर: हत्या के एक मामले में पुरुलिया जेल में बंद अपराधकर्मी संजय सरकार का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में संजय सरकार जैसा दिख रहा व्यक्ति किसी को निशाना बनाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ बम और गोली मारने की गंभीर धमकी देता सुनाई दे रहा है. वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.


वीडियो में उक्त व्यक्ति धमकी देते हुए कह रहा है कि अभी तुम्हारा वक्त है, हंस लो. जब उसका समय आएगा तो इतने बम मारे जाएंगे कि सामने वाला भूल जाएगा कि सांस किधर से लेना है और पा@#ना किधर से है. इतना ही नहीं, वह यह भी धमकी देता सुनाई दे रहा है कि जिसे निशाना बनाया गया है, उसे बचाने के लिए जो भी आएगा उसे चार गोलियां अतिरिक्त मारी जाएंगी.
वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा स्थान जेल परिसर जैसा प्रतीत हो रहा है. हालांकि इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया तथा इसमें दिखाई दे रहा स्थान वास्तव में पुरुलिया जेल है या नहीं. लेकिन गंभीर सवाल यह है कि बुधवार को यह वीडियो संजय सरकार के नाम से संचालित फेसबुक पेज पर अपलोड हुआ है.
संजय सरकार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के माझी टोला का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से हत्या के एक मामले में पुरुलिया जेल में बंद बताया जा रहा है. ऐसे में यदि उसके जेल में बंद होने की जानकारी सही है तो सवाल उठता है कि उसका फेसबुक पेज कौन संचालित कर रहा है ? वीडियो कब बनाया गया ? यदि वीडियो जेल के भीतर का है तो वहां रिकॉर्डिंग कैसे हुई और फिर यह सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचा ?
वायरल वीडियो में जिस तरह बम और गोली मारने की धमकी दी जा रही है, उसे देखते हुए इसकी सत्यता की जांच भी महत्वपूर्ण हो जाती है. साथ ही यह पता लगाया जाना जरूरी है कि धमकी किस व्यक्ति को और किस विवाद को लेकर दी गई है.
अब पुलिस और जेल प्रशासन के सामने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के साथ यह पता लगाना भी चुनौती है कि यदि वीडियो वास्तव में जेल के भीतर रिकॉर्ड किया गया है तो मोबाइल अथवा रिकॉर्डिंग की सुविधा वहां तक कैसे पहुंची और वीडियो बाहर कैसे आया. जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

