जामताड़ा: बेवा बाईपास स्थित झरना पड़ाव के समीप गुरुवार को कोयला लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद डंपर में लदा कोयला बड़ी मात्रा में पास के खेत में बिखर गया. हालांकि, दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर कोयला लेकर बाईपास की ओर से गुजर रहा था. इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया. डंपर के पलटते ही उसमें लदा कोयला खेत में जा गिरा. दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर तक आवागमन को लेकर भी हलचल बनी रही.
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त डंपर का निरीक्षण किया. पुलिस ने खेत में बिखरे कोयले की स्थिति का भी जायजा लिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ डंपर में लदे कोयले से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि कोयला कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था.
पुलिस की निगरानी में दुर्घटनाग्रस्त डंपर को हटाने तथा खेत में बिखरे कोयले को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

