जामताड़ा/Manish Barnwal. झालसा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), जामताड़ा की ओर से गुरुवार को बिजली कार्यालय, जामताड़ा में स्थायी लोक अदालत (PLA) के प्रति जागरूकता को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला का उद्देश्य आम लोगों को स्थायी लोक अदालत की भूमिका, कार्यप्रणाली तथा सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी देना था.


कार्यशाला में डीएलएसए जामताड़ा के सचिव पवन कुमार, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रिजवान अहमद, PLA के सदस्य सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं अस्पताल, बैंक एवं वित्तीय संस्थान, बीमा कंपनियां, बीएसएनएल एवं अन्य दूरसंचार सेवा प्रदाता, परिवहन विभाग तथा सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने भी कार्यशाला में भाग लिया.
डीएलएसए सचिव पवन कुमार ने स्थायी लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिजली, पानी, परिवहन, दूरसंचार, स्वास्थ्य और बीमा जैसी सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित विवादों के समाधान के लिए PLA महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने बताया कि किसी मामले के स्थायी लोक अदालत में पहुंचने के बाद सबसे पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह और आपसी समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने का प्रयास किया जाता है. संबंधित पक्षों की बात और उपलब्ध तथ्यों को सुनकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाती है. इसका उद्देश्य लोगों को सरल, सुलभ और प्रभावी तरीके से न्याय उपलब्ध कराना है.
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रिजवान अहमद ने कहा कि सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों को संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाने में स्थायी लोक अदालत की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर PLA की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की.
कार्यशाला के दौरान बिजली से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मामलों पर भी चर्चा की गई. संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों से PLA से जुड़े मामलों में आवश्यक जानकारी और जवाब समय पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, ताकि मामलों के निपटारे में अनावश्यक विलंब न हो और आम लोगों को समय पर राहत मिल सके.
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अपने-अपने क्षेत्र और आसपास के नागरिकों को भी स्थायी लोक अदालत की सुविधाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की गई. मौके पर पीएलवी आनंद महतो, जगत मोहन, राजेश दत्ता, मेघा गुप्ता, सुमन टुडू सहित आम नागरिक और बिजली विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

