
सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर सरायकेला- खरसावां जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र-51 के मतदान केंद्र संख्या 123, 124, 125 एवं 133 का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा घर- घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण और अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.


निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने चिन्हित मतदाता एवं वार्ड पार्षद नीतू शर्मा के आवास पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरण की स्थिति का सत्यापन भी किया. उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.
पारुल सिंह ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि गणना प्रपत्र वितरण और मतदाता पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे.
उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
Edited By Sarita





