कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा क्षेत्र में स्थानीय कंपनी से निकलकर ट्रांसपोर्टिंग किए जा रहे आयरन ओर के सड़क पर गिरने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है. आयरन ओर के लगातार सड़क पर गिरने से कई किलोमीटर तक सड़क लाल दिखाई दे रही है. बारिश के कारण सड़क पर जमा आयरन ओर कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहनों के पहियों से गंदे पानी और लाल मिट्टी के छींटे राहगीरों पर पड़ रहे हैं.


स्थानीय लोगों का कहना है कि आयरन ओर की ट्रांसपोर्टिंग के दौरान वाहनों को पूरी तरह ढककर नहीं ले जाने अथवा सड़क पर गिरे खनिज की तत्काल सफाई नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है. बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो जाती है. सड़क पर फिसलन बढ़ने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है.
लोगों का आरोप है कि कंपनी परिसर से निकलने वाले वाहनों की नियमित निगरानी और सड़क की सफाई को लेकर संबंधित कंपनी तथा प्रशासन की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है. यदि समय रहते सड़क की सफाई नहीं कराई गई और खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ सकती है.
कंपनी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि आयरन ओर की ढुलाई करने वाले सभी वाहनों को उचित तरीके से ढककर परिवहन कराया जाए तथा सड़क पर गिरने वाले खनिज की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए. वहीं प्रशासन से भी नियमित जांच, सड़क की सफाई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की गई है.
लोगों का कहना है कि उद्योग और परिवहन गतिविधियां क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी हैं, लेकिन इसके कारण आम राहगीरों को सड़क पर गंदगी, छींटे और दुर्घटना के खतरे का सामना नहीं करना चाहिए. प्रशासन को मामले का संज्ञान लेते हुए कंपनी प्रबंधन एवं संबंधित ट्रांसपोर्टरों की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

