जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवाओं के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए. मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं. तृषा के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए रांची भेजा गया. ताजा रिपोर्टों में भी तृषा का अंतिम संस्कार रांची में होने की जानकारी दी गई है.


हादसे में तृषा सिंह के अलावा आदित्यपुर निवासी वंशिका खंडेलवाल, नमन गुप्ता और सार्थक अग्रवाल की मौत हुई है. पुलिस के अनुसार चारों सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार थे. तड़के करीब तीन बजे दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास उनकी कार सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे चारों लोगों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया था.
बताया जा रहा है कि चारों किसी जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे. हालांकि उनके कहां से लौटने की बात की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है. हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है.
पोस्टमार्टम के दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह भाटिया, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, संजीव सरदार, कुणाल षाडंगी समेत कई जनप्रतिनिधि तथा पुलिस- प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

