कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर में सोमवार देर शाम एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा. गनीमत रही कि घटना के समय ट्रक के सामने कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.


जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या OD 09V 1759 एक गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ा था. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मिस्त्री द्वारा ट्रक में लगा जैक हटाया गया. इसी दौरान चक्कों में स्टॉपर नहीं लगे होने के कारण ट्रक आगे की ओर लुढ़कने लगा और अनियंत्रित होकर सड़क पार करते हुए दूसरी ओर स्थित झाड़ियों में जा घुसा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक का ब्रेक सही तरीके से काम नहीं करने के कारण यह घटना हुई. अचानक ट्रक के आगे बढ़ने से आसपास के लोग भी कुछ देर के लिए दहशत में आ गए. हालांकि वाहन झाड़ियों में फंस जाने से स्थिति नियंत्रण में रही.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि उस समय ट्रक के सामने कोई वाहन या राहगीर आ जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी. हादसे में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
घटना की जानकारी मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

