जामताड़ा:ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को जामताड़ा शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था.

फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इस मौके पर मुख्य रूप से अंचलाधिकारी अविश्वेशर मुर्मू, साइबर डीएसपी, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था. जवान पूरी मुस्तैदी के साथ शहर में गश्त करते नजर आए. फ्लैग मार्च के दौरान बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया.
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जिले में बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



