
कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले में फरार वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांड्रा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने डकैती मामले के लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अमर प्रमाणिक उर्फ “यमराज” को गिरफ्तार कर लिया है.


पुलिस के अनुसार, आरोपी कांड्रा थाना कांड संख्या 25/22 में नामजद था और डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलने में सफल हो जाता था.
कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात छापेमारी की गई, जिसमें आरोपी अमर प्रमाणिक उर्फ यमराज को गिरफ्तार कर लिया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
थाना प्रभारी ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथों से बच नहीं सकता. देर-सबेर उसे कानून का सामना करना ही पड़ता है. पुलिस ने बताया कि जिले में फरार वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय






