सिमडेगा: जिले में मानव तस्करी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मानव तस्करों ने एक युवती को तीन लाख रुपये में बेच दिया. पीड़िता को भारत- पाकिस्तान बॉर्डर के पास राजस्थान के बाड़मेर तक पहुंचा दिया गया था. सिमडेगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को रेस्क्यू कर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया है.

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर रणवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में कुरडेग थाना क्षेत्र के जेरवा गांव की एक युवती को पड़ोसी गांव के कुछ मानव तस्कर बहला- फुसलाकर दिल्ली ले गए थे. वहां उसे एक प्लेसमेंट एजेंसी को बेच दिया गया. बाद में एजेंसी के दलालों ने युवती को मेरठ में बेचा और फिर उसे राजस्थान के बाड़मेर, भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास तीन लाख रुपये में बेच दिया गया.
डीएसपी ने बताया कि वहां युवती के साथ लगातार अत्याचार किया गया. इसी दौरान उसे एक बच्चा भी हुआ. जब अत्याचार बढ़ गया तो युवती ने किसी तरह अपनी मां से संपर्क किया. इसके बाद मामला सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे तक पहुंचा.

एसपी के निर्देश पर एचटीयू थाना में मानव तस्करी का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम राजस्थान के बाड़मेर पहुंची और युवती को रेस्क्यू कर सिमडेगा वापस लाई. फिलहाल युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस पूरे मानव तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.



