
जामताड़ा: जिले के विंदापाथर थाना क्षेत्र के चपुड़िया मुख्य मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दम तोड़ चुका था. घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
सूचना मिलते ही विंदापात्थर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है.
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है.
स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई है. लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





