चतरा: रातों- रात अमीर बनने की लालच में अपराधी अब ऑनलाइन रंगदारी और लेवी वसूली में जुटे हैं. इन अपराधियों के दिलों में पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं है. पुलिस का कहना है कि ये अपराधी अपने बैंक खातों के जरिए लेवी और रंगदारी की रकम वसूल रहे हैं. इतना ही नहीं, व्यवसाइयों और ठेकेदारों को डराने के लिए ये नक्सलियों के नाम का भी सहारा ले रहे हैं.

इसी कड़ी में चतरा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि यह अपराधी प्रतिबंधित टीएसपीसी नक्सली संगठन के मनमोहन नामक नक्सली के नाम पर लेवी मांगता था. गिरफ्तार अपराधी के पास से देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और बैंक खाता बरामद किया गया है. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर लावालौंग थाना प्रभारी रुपेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कनवातरी गांव निवासी अजय गंझु को गिरफ्तार किया. एसपी ने बताया कि अजय गंझु फोन पर ठेकेदारों को डरा- धमकाकर रंगदारी वसूलता था. वह पूर्व में टीएसपीसी नक्सली कबीर के दस्ते में सक्रिय रहा है. उसने हजारीबाग के चुरचू अंतर्गत बोदर गांव निवासी मुखिया सहदेव किस्कू से भी फोन पर रंगदारी मांगी थी.
पुलिस को जांच में ऑनलाइन रंगदारी वसूली के सबूत भी मिले हैं. कई लोगों ने उसके खाते में पैसे भेजे हैं. एसपी ने कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. जल्द ही कई सफेदपोश भी जांच के दायरे में आएंगे. जिन लोगों ने भी अपराधियों को लेवी और रंगदारी के रूप में पैसे दिए हैं, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी. इस अभियान में पुलिस के अलावा एसएसबी के अधिकारी और जवान भी शामिल थे.

