जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की जानकारी दी.



उन्होंने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 5 अगस्त 2026 से प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है. इसके साथ ही 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी. प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 3 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
उपायुक्त ने बताया कि जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र में 340 तथा जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 383 मतदान केंद्र हैं. प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 5,06,781 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं. इनमें 2,57,373 पुरुष, 2,49,404 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं. वहीं एएसडीडी (ASDD) श्रेणी के 64,193 मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हैं.
उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति अवधि के दौरान 8 एवं 9 अगस्त को प्रथम तथा 22 एवं 23 अगस्त को द्वितीय विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा. इसके अतिरिक्त 15 अगस्त को जिले के सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.
उपायुक्त ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिक फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं. जिन लोगों ने पूर्व में गणना प्रपत्र जमा नहीं किया था, वे भी फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं. वहीं परिवार के सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने अथवा अन्य राज्यों से झारखंड में मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर जिलेभर में #NewVoters सोशल मीडिया महाअभियान भी चलाया गया. इसके माध्यम से युवाओं एवं नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने में सहयोग की अपील की.
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





