बोकारो: जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के समीप दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की कथित लूट से सनसनी फैल गई. हिटाची फ्रेंचाइजी पेमेंट सर्विस से जुड़े बिजनेस पार्टनर विजय कुमार के अनुसार, वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से नकदी लेकर बाइक से कुर्मीडीह स्थित ATM में कैश लोड करने जा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को धक्का मारकर गिरा दिया और नकदी लेकर फरार हो गए.


विजय कुमार के मुताबिक दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार अधिक राशि निकाली गई थी, जिसे दो ATM में जमा किया जाना था.
CCTV के साथ सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी होगी जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी.
पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि 21.40 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम बाइक से ले जाते समय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं. फिलहाल लूट की पूरी वारदात और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर जांच जारी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

