जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के पॉश इलाके न्यू टाउन में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक शिक्षिका के सूने घर को निशाना बनाया. मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय शिक्षिका इंदु तिवारी के घर के पीछे की खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए. पीड़िता के अनुसार, चोरी गए जेवरात की कीमत 80 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है.

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. न्यू टाउन जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पीड़िता द्वारा जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी न्यू टाउन इलाके में आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें एक रिटायर्ड शिक्षिका से छिनतई की घटना भी शामिल है. लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.

