जामताड़ा/ Manish Baranwal व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में की, जिसमें चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के सदस्य, आभूषण व्यवसायी सहित कई प्रमुख कारोबारी शामिल हुए.

बैठक के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पुलिस-जन सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान व्यवसायियों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा और सुरक्षा से जुड़े कई अहम सुझाव भी दिए.
व्यवसायियों ने मांग की कि दोपहर और शाम के समय बाजारों में पुलिस गश्ती को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. साथ ही रात के समय चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए गली-मोहल्लों में बाइक गश्ती दल की तैनाती की मांग भी उठाई गई.
मिहिजाम, करमाटांड़ स्टेशन रोड और जामताड़ा बाजार में लगने वाले जाम को लेकर भी चिंता जताई गई. व्यवसायियों ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की अपील की.
एसपी शम्भु कुमार सिंह ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने शहरी क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही, जिससे क्षेत्रवार निगरानी बढ़ेगी और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहेगा. साथ ही सभी व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके.
बैठक में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रशेखर भी मौजूद रहे. पुलिस और व्यवसायियों के बीच यह संवाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है.

