आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 17 स्थित प्रभात सामुदायिक भवन में SAG के तहत महिलाओं के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में सामने आई.

कार्यक्रम का शुभारंभ उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, उपमहापौर अंकुर सिंह एवं स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं.

स्वास्थ्य जांच शिविर में सिद्देश नर्सिंग हॉस्पिटल की डॉ. मेघा द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई. इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर और थायराइड जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं और जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं. शिविर में लगभग 70 महिलाओं ने लाभ उठाया. डॉ. मेघा ने महिलाओं और बच्चों को मौसम संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए. उन्होंने सलाह दी कि गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए, सादा और तरल आहार लेना चाहिए तथा बाहर के खान-पान से बचना चाहिए.
कार्यक्रम के सफल संचालन में अनमोल कुमारी और राजन कुमार का सहयोग रहा. इस मौके पर फूलदाई झा, प्रतिमा देवी, रीना कुमारी, नूतन कुमारी, सुमन कुमारी, कविता कुमारी, रिंकी सिंह, मीरा प्रसाद और सरिता पांडे सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं. उप नगर आयुक्त ने कहा कि यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ है.

