
जामताड़ा: जिले के फतेहपुर- जामताड़ा मुख्य सड़क पर मुरीडीह के समीप मंगलवार को दो बाइकों के बीच हुई आमने- सामने की टक्कर में एक युवक घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं, तभी उनकी आमने- सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर गिर पड़े.
हादसे में अमन मंडल घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल उनकी मदद कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी.
इसी दौरान भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवक को सहायता उपलब्ध कराई. दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को सामान्य कर आवागमन बहाल करा दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






