जामताड़ा/ Manish Barnwal जिले के मिहिजाम मुख्य पथ पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार खड़े कंटेनर से टकरा गई. इस दुर्घटना में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, जामताड़ा की ओर से आ रही BR09AS- 1639 नंबर की ग्लोस्टर कार अनियंत्रित होकर सिटी हॉस्पिटल के पास खड़े NL01AD- 0678 नंबर के कंटेनर के पीछे जा टकराई. कंटेनर स्कूटी शोरूम में अनलोडिंग के लिए खड़ा था.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटनास्थल पर मौजूद राकेश पाल सहित स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भेजा. घायलों की पहचान संजीव सिंह और संजय सिंह के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. कार में भाजपा जिला उपाध्यक्ष समस्तीपुर का बोर्ड लगा हुआ है.

