जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को एसपी शंभु कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान जिले में घटित आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई.


अपराध गोष्ठी में एसपी ने महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके.
साइबर अपराधों पर विशेष चिंता जताते हुए एसपी ने साइबर ठगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए और ऐसे मामलों के त्वरित निष्पादन पर ध्यान दिया जाए.
बैठक में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के शत-प्रतिशत निष्पादन तथा नियमित छापेमारी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी रखने और अपराधियों पर कड़ी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया.

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए. इसके साथ ही पुलिस-जनसंपर्क को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया.
एसपी शंभु कुमार सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

