सरायकेला: बिरसा चौक में मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.


श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मनोज चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि संघर्ष, स्वाभिमान और जनसेवा के प्रतीक थे. उन्होंने जल, जंगल, जमीन और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनका संघर्ष आज भी समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है.
उन्होंने कहा कि धरती आबा ने अपने उलगुलान आंदोलन के माध्यम से लोगों को अधिकारों के लिए संगठित होने का संदेश दिया था. उनका जीवन बताता है कि सच्चा नेतृत्व किसी पद या सत्ता से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और समर्पण से बनता है.
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जनहित में कार्य करने वालों को कई चुनौतियों और विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन यदि उद्देश्य जनता की सेवा और समाज का कल्याण हो तो संघर्ष का हर कदम सार्थक होता है. इतिहास गवाह है कि बड़े बदलाव हमेशा संघर्ष और दृढ़ संकल्प के बल पर ही संभव हुए हैं.
मनोज चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर वे सरायकेला को स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित और जागरूक नगर बनाने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे. जनसेवा ही उनका सर्वोच्च लक्ष्य है और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

