जामताड़ा: पुलिस ने स्वच्छता को केवल अभियान नहीं बल्कि कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने की दिशा में एक विशेष पहल की है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के नेतृत्व में रविवार को पुलिस लाइन समेत विभिन्न कार्यालय परिसरों में व्यापक साफ- सफाई अभियान चलाया गया. इस दौरान एसपी खुद झाड़ू लेकर मैदान में उतरे और सफाई कार्य का नेतृत्व करते नजर आए.

विशेष स्वच्छता अभियान के तहत पुलिस लाइन, कार्यालय परिसर, बैरक, परिसर मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई. अभियान में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया और पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया.
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने झाड़ू लगाकर कचरा हटाया तथा परिसर की साफ- सफाई सुनिश्चित की. इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच स्वच्छ और अनुशासित कार्य वातावरण विकसित करना बताया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि पुलिस अनुशासन का अहम हिस्सा है. उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से साफ- सफाई बनाए रखने और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए.
अभियान में जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे. जामताड़ा पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है.
Report By Manish Baranwal



