जामताड़ा/ Manish Baranwal समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. मीडिया प्रतिनिधियों को नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियों और प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया. प्रेस वार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद में नामांकन, नाम वापसी और निर्वाचन प्रतीक आवंटन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है.

जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु कुल 7 नामांकन किए गए थे, जिसमें से 1 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गया. मिहिजाम नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 17 नामांकन में से 1 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ. वार्ड पार्षद पद हेतु जामताड़ा नगर पंचायत के 16 वार्डों में 56 नामांकन हुए थे, जिसमें 49 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे. मिहिजाम नगर परिषद के 20 वार्डों में 76 नामांकन में से 68 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे.
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है. इसके पालन के लिए वीएसटी, एफएसटी, एसएसटी सहित विभिन्न टीमों का गठन किया गया है और अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए हैं.
दोनों नगर निकायों में कुल 67 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें संवेदनशील और अति- संवेदनशील केंद्र भी शामिल हैं. मतदान में मतदाता पहचान पत्र या राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य अन्य 12 वैकल्पिक दस्तावेजों का प्रयोग कर सकते हैं. अध्यक्ष पद के लिए हल्के गुलाबी और वार्ड पार्षद के लिए सफेद मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा. निर्वाचन व्यय की अधिसीमा मिहिजाम नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 6 लाख और वार्ड पार्षद के लिए 1.5 लाख, जबकि जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 5 लाख और वार्ड पार्षद के लिए 1 लाख रुपए निर्धारित की गई है.
प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने बताया कि दोनों नगर निकायों में मतदान भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और निर्वाचन कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि नगरपालिका निर्वाचन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो. मतदाताओं से भी मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई.

