जामताड़ा: पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच मिहिजाम थाना भवन का बाहरी छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया. गनीमत रही कि घटना के समय छज्जे के नीचे कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. छज्जा गिरने के बाद थाना परिसर में कार्यरत पुलिसकर्मियों में दहशत का माहौल है.


बताया जाता है कि लगातार बारिश के कारण पहले से जर्जर थाना भवन की स्थिति और खराब हो गई है. भवन के कई हिस्सों में पहले से ही पानी का रिसाव हो रहा है. हल्की बारिश में भी थाना के सिरिस्ता और कंप्यूटर कक्ष की छत से पानी टपकने लगता है. इससे जहां पुलिसकर्मियों को काम करने में परेशानी होती है, वहीं महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है.
मिहिजाम थाना का वर्तमान भवन काफी पुराना और जर्जर बताया जा रहा है. छत से पानी रिसने के अलावा भवन के दूसरे हिस्सों के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है. अब बाहरी छज्जा गिरने की घटना ने थाना भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हालांकि, मिहिजाम थाना के नए भवन के निर्माण की दिशा में पहल पहले से चल रही है. गौराईनाला में नए थाना भवन के लिए जमीन चिह्नित की जा चुकी है. बताया जा रहा है कि जमीन के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने का इंतजार है. विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरसात समाप्त होने पर नए भवन का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है.
फिलहाल पुलिसकर्मी इसी जर्जर भवन में काम करने को मजबूर हैं. छज्जा गिरने की घटना के बाद थाना भवन का तत्काल निरीक्षण कर जरूरी मरम्मत कराने की जरूरत है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

