जामताड़ा: बागडेहरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुड़ाबेड़िया चौक के पास से करीब 100 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है. पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही अवैध शराब का कारोबार करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.


पुलिस के अनुसार, बागडेहरी थाना के सहायक अवर निरीक्षक प्रकाश सिंह के आवेदन पर थाना कांड संख्या 24/2026, दिनांक 3 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 292 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
बताया गया कि 3 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मुड़ाबेड़िया चौक के पास अवैध तरीके से देशी महुआ शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 100 लीटर महुआ शराब बरामद की.
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब को 12 जरकीन में करीब पांच-पांच लीटर और दो बड़े जार में करीब 20-20 लीटर भरकर रखा गया था. पुलिस ने सभी शराब को जब्त कर लिया. हालांकि, छापेमारी के दौरान किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर शराब के स्रोत और अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुअनि राजीव रंजन कुमार को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान शराब कहां से लाई गई थी और इसके कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
रिपोर्ट. मनीष बर्णवाल

Exploring world
