राजनगर: गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय राजनगर में मॉडल यूथ ग्रामसभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नाटक के माध्यम से पंचायत व्यवस्था, ग्रामीण समस्याओं और उनके समाधान की प्रक्रिया को समझाया.


मॉडल ग्रामसभा में छात्राओं ने पानी, बिजली, सड़क और शिक्षा जैसी समस्याओं को उठाया और बताया कि पंचायत स्तर पर इन समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों की भागीदारी कितनी महत्वपूर्ण है. कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को पंचायत व्यवस्था, अधिकारों और जनभागीदारी की जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में मुखिया राजो टुडू, बीपीओ मार्था टोपनो, सांसद प्रतिनिधि भक्तु मार्डी, घनुराम टुडू, ग्राम प्रधान रवि महतो, सांगी डोंगो, फुदान चंद्र सोरेन, वार्डन संध्या महतो समेत शिक्षक, छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे.
नाटक और अन्य प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. मुखिया राजो टुडू ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से युवाओं और छात्राओं को पंचायत की कार्यप्रणाली, अपने अधिकारों और जनभागीदारी को समझने का अवसर मिलता है.

