जामताड़ा: थाना परिसर में शनिवार को दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में थाना क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए.
बैठक में मुख्य रूप से यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, रोशनी, पेयजल, शौचालय और प्रतिमा विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.


पूजा पंडालों के आसपास बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था की मांग
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन बर्मन ने दुर्गापूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की. उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने, ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने और तेज रफ्तार से बाइक चलाने पर रोक लगाने की बात कही.
उन्होंने पूजा के दौरान शराबबंदी को सख्ती से लागू करने, शहर में साफ-सफाई रखने और पूजा के प्रत्येक दिन पंडालों व आसपास ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की. साथ ही पंडालों में पर्याप्त रोशनी और वहां तैनात पुलिस पदाधिकारी का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया.
17 स्थानों पर होगी दुर्गापूजा
न्यू टाउन पूजा समिति की ओर से बताया गया कि वहां पूजा के दौरान काफी भीड़ होती है. समिति ने पर्याप्त पुलिस बल और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
समिति ने बताया कि न्यू टाउन में षष्ठी तल्ला से राजा बांध तक ही प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा. विसर्जन जुलूस को बाजार क्षेत्र में नहीं ले जाया जाएगा.
सहाना पूजा समिति के सदस्य चंचल राय ने बताया कि जामताड़ा थाना क्षेत्र में इस वर्ष कुल 17 स्थानों पर दुर्गापूजा आयोजित की जा रही है. उन्होंने पूजा समितियों के लाइसेंस रिन्यूअल के लिए दिए गए आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की.
उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है. ऐसे में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने और विसर्जन के दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की गई.
अजंता चौक पर पहले से ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग
कायस्थ पाड़ा पूजा समिति के सदस्य अरूप कुमार मित्रा ने पूजा शुरू होने से पहले ही अजंता चौक पर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने की मांग की. उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति, सड़क किनारे पेड़ों की डालियों की छंटाई और पूजा समितियों तथा पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई.
उन्होंने कहा कि अष्टमी के दिन काफी भीड़ रहती है. ऐसे में भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था जरूरी है.
उन्होंने बताया कि दशमी के दिन चार पूजा समितियों की प्रतिमाओं का विसर्जन होना है. बाजार, सरखेलडीह और कायस्थ पाड़ा की प्रतिमाओं का विसर्जन भी एक ही दिन प्रस्तावित है. ऐसे में भीड़ और जुलूस के टकराव से बचने के लिए पूजा समितियों के साथ समन्वय कर विसर्जन का समय निर्धारित करने की जरूरत है.
चलंत शौचालय और पेयजल की भी मांग
दुमका रोड से विजय दुबे और पूर्व प्रोफेसर महेंद्र सिंह ने दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलंत शौचालय और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की.
प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक में प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. साथ ही समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की गई.
बैठक में जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडैत, प्रताप सिंह, इरशाद उल हक आरसी, विजय राउत समेत जामताड़ा थाना क्षेत्र की 17 पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

