जामताड़ा: 23वें गणेश महोत्सव को लेकर गुरुवार को गांधी मैदान में गणेश पूजा आयोजन समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुक्तराम दत्ता ने की. इस दौरान भव्य पूजा एवं महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.


समिति के सदस्यों ने बताया कि जामताड़ा के इतिहास में पहली बार गणेश पूजा के लिए पूरी तरह वातानुकूलित पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल को ठंडा रखने के लिए बंगाल से सेंट्रलाइज्ड एसी मंगाया जा रहा है. इससे श्रद्धालुओं को पंडाल के अंदर आरामदायक माहौल में भगवान गणेश के दर्शन करने की सुविधा मिलेगी.
20 सितंबर को होगा मेगा रक्तदान शिविर
गणेश महोत्सव के दौरान गांधी मैदान में 20 सितंबर को मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा. इसमें पूजा समिति के सदस्यों के साथ मेले में आने वाले श्रद्धालु भी रक्तदान कर सकेंगे.
रक्तदान करने वाले लोगों को समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा. समिति का उद्देश्य महोत्सव के साथ सामाजिक सेवा को भी बढ़ावा देना है.
समय पर पूरा होगा पंडाल निर्माण
बैठक में पंडाल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई. निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया गया कि पूजा शुरू होने से दो दिन पहले हर हाल में पंडाल का निर्माण पूरी तरह पूरा कर लिया जाए, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो.
समिति के सदस्यों ने तैयारियों में तेजी लाने पर जोर दिया, क्योंकि गणेश पूजा में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं.
जलपरी और झूले होंगे मेले का आकर्षण
गणेश पूजा के साथ इस वर्ष भी गांधी मैदान में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा. मेले में जलपरी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. इसके अलावा ब्रेक डांस समेत विभिन्न प्रकार के झूले और मनोरंजन के अन्य साधन लगाए जाएंगे.
मेले को लेकर बच्चों और परिवारों के बीच खासा उत्साह रहने की उम्मीद है.
हर दिन होगी तैयारियों की समीक्ष
बैठक में धन संग्रह सहित महोत्सव से जुड़े अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. समिति के सदस्यों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियों को समय पर पूरा किया जा
निर्णय लिया गया कि गणेश पूजा तक हर दिन रात 8 बजे गांधी मैदान में गणेश पूजा समिति की बैठक होगी और तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.
बैठक में गणेश पूजा समिति के काफी संख्या में सदस्य मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

