जामताड़ा: जामताड़ा के बैना मैदान डंगाल में रविवार को राष्ट्रीय बाउरी संघर्ष मोर्चा, झारखंड के तत्वावधान में राज्य स्तरीय बाउरी जाति महासम्मेलन का आयोजन किया गया. महासम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में बाउरी समाज के लोग शामिल हुए. सम्मेलन में समाज की एकजुटता, शिक्षा, रोजगार, अधिकार और सामाजिक सम्मान समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई.


महासम्मेलन में महिला, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया. कार्यक्रम का मुख्य संदेश एकता, जागरूकता, शिक्षा, अधिकार और सम्मान रहा. वक्ताओं ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए संगठनात्मक एकजुटता के साथ शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है. समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
राष्ट्रीय बाउरी संघर्ष मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण बाउरी, केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत बाउरी, उपाध्यक्ष ज्योत्सना देवी, पश्चिम बंगाल के बंगाल टाइगर दयामल बाउरी, बंगाल टाइगर सिमंत बाउरी तथा निरसा के दारा बाउरी समेत अन्य वक्ताओं ने महासम्मेलन को संबोधित किया. वक्ताओं ने समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार रखे.
केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत बाउरी ने कहा कि बाउरी समाज को अपने अधिकार और विकास के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा. उन्होंने शिक्षा को समाज के उत्थान की मजबूत बुनियाद बताते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयास और मजबूत संगठन के माध्यम से ही संभव है.
वक्ताओं ने युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और नई पीढ़ी के बीच शिक्षा तथा जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया. वक्ताओं ने कहा कि संगठित प्रयासों के माध्यम से ही समाज अपने अधिकारों और विकास की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ सकता है.
महासम्मेलन के दौरान बाउरी समाज के गौरव और चुआड़ विद्रोह के नायक शहीद सरदार गोवर्धन दीकपति बाउरी के संघर्ष और विचारों को भी याद किया गया. वक्ताओं ने उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुनील बाउरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मिताली बाउरी, सचिव गौर बाउरी, कोषाध्यक्ष श्यामल बाउरी, सह सचिव दयाल बाउरी, गौतम बाउरी और सुखदेव बाउरी समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आयोजकों ने बताया कि पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय महासम्मेलन में झारखंड के विभिन्न हिस्सों के साथ पश्चिम बंगाल से भी समाज के लोगों की व्यापक भागीदारी हुई. इससे संगठन को मजबूती मिली है. सम्मेलन के माध्यम से समाज के लोगों को शिक्षा, रोजगार, अधिकार और सामाजिक सम्मान के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संदेश दिया गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

