जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि जरूरी दस्तावेज लेने ससुराल पहुंचने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और विरोध करने पर मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया.


मामला नाराडीह निवासी 21 वर्षीय नाजिया खातून से जुड़ा है, जिनका निकाह वर्ष 2024 में पियालशोला निवासी मुरस्लिम अंसारी के साथ हुआ था. पारिवारिक विवाद के कारण वह फिलहाल अपने मायके में रह रही थीं. पीड़िता के अनुसार, 7 जून को वह अपने आवश्यक दस्तावेज लेने ससुराल गई थीं, जहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की.
नाजिया खातून ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने मिहिजाम थाना जा रही थीं, तभी रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया. युवकों ने कथित तौर पर पुलिस के पास नहीं जाने की चेतावनी दी और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी.
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर मिहिजाम थाना में कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच एएसआई सीमा हेम्ब्रम को सौंपी गई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

