जामताड़ा: कुर्मी पाड़ा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब एक घर के आंगन में करीब चार फीट लंबा जहरीला सांप दिखाई दिया. परिवार के सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, तभी उनकी नजर आंगन के एक कोने में कुंडली मारकर बैठे सांप पर पड़ी. सांप को देखते ही घर के लोगों में दहशत फैल गई और सभी सुरक्षित स्थान की ओर चले गए.


कुछ ही देर में घटना की खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, लेकिन सांप के जहरीला होने की आशंका के कारण कोई भी उसके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं कर सका. सांप कभी घर में रखे सामानों के पीछे छिप जाता तो कभी इधर-उधर सरकते हुए दिखाई देता रहा, जिससे लोगों की चिंता बढ़ती गई.
स्थिति को गंभीर देखते हुए स्थानीय स्नेक कैचर लालू यादव को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. रेस्क्यू के दौरान सांप काफी सक्रिय और आक्रामक नजर आया, जिसके कारण उसे पकड़ने में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी.
काफी मशक्कत के बाद स्नेक कैचर ने विशेष उपकरणों की मदद से सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और उसे एक सुरक्षित डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद सांप को मानव बस्ती से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई.
सांप के पकड़े जाने के बाद घर के सदस्यों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली. घटना के बाद लोगों ने स्नेक कैचर लालू यादव की तत्परता और साहस की सराहना की.
विशेषज्ञों ने बरसात के मौसम में लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि घर और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई करें. यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित स्नेक कैचर या संबंधित विभाग को सूचना दें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

