जामताड़ा: जिले में चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सफल अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है. गुरुवार को दर्जनों सफल अभ्यर्थी उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की.


अभ्यर्थियों ने बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चौकीदार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी. 17 फरवरी 2025 को विज्ञापन प्रकाशित हुआ था, जबकि 27 अप्रैल 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. इसके बाद 5 मई को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया गया. 14 और 15 मई को शारीरिक जांच एवं दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसका परिणाम 19 मई को प्रकाशित किया गया. वहीं 19 और 20 मई को शारीरिक माप-तौल समेत अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 21 मई 2025 को अंतिम मेधा सूची जारी कर दी गई थी.
सफल अभ्यर्थियों का कहना है कि अंतिम मेधा सूची जारी होने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है. उनका आरोप है कि झारखंड के कई अन्य जिलों में चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप दिए गए हैं, लेकिन जामताड़ा जिले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
अभ्यर्थियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा मामला उच्च न्यायालय में लंबित था, लेकिन लगभग दो माह पूर्व न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश हटा लिया गया है. इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है.
सफल उम्मीदवारों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं. रोजगार की उम्मीद में बैठे अभ्यर्थियों में अब निराशा और आक्रोश बढ़ने लगा है.
ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से मांग की है कि अन्य जिलों की तरह जामताड़ा में भी चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा कर सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके. अब सभी की नजर जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

