
जामताड़ा: पश्चिम बर्दवान जिले के रूपनारायणपुर में हुई चर्चित चोरी की वारदात का पुलिस ने महज सात दिनों में खुलासा करते हुए झारखंड के जामताड़ा निवासी 20 वर्षीय अभित पासी को गिरफ्तार किया है. सोमवार को आरोपी को आसनसोल न्यायालय में पेश किया गया.


पुलिस के अनुसार 6 जुलाई की रात रूपनारायणपुर स्टेशन रोड स्थित पश्चिम रंगामाटिया इलाके के एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने के आभूषण और नकदी की चोरी की थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर निगरानी बढ़ाई. 12 जुलाई की देर रात संदिग्ध गतिविधि के दौरान आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया.
पूछताछ में आरोपी की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई है. पुलिस को आशंका है कि वह इलाके में एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. अब आरोपी को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और चोरी गए आभूषण व नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





