जामताड़ा: जिले के सरकारी विद्यालयों में जल्द ही डिजिटल लाइव क्लास प्रोग्राम की शुरुआत होगी. इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत विद्यार्थियों को स्टेट बोर्ड पाठ्यक्रम के साथ-साथ जेईई, नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने संयुक्त सहकारिता भवन स्थित स्मार्ट क्लास संचालन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.



निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्मार्ट क्लास के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी उपकरणों, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और डिजिटल लाइव क्लास के सफल संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि डिजिटल लाइव क्लास प्रोग्राम का उद्देश्य जिले के सभी उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है. इसके तहत प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा. साथ ही 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी.
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन लाइव क्लास के माध्यम से जिले के सभी उच्च विद्यालयों को एक मंच से जोड़ा जाएगा, जिससे दूरदराज के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी समान गुणवत्ता वाली शिक्षा का लाभ मिल सकेगा.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला सहकारिता कार्यालय का भी दौरा किया. यहां उन्होंने सहकारिता सप्ताह से संबंधित प्रस्तुतीकरण की समीक्षा की और अधिकारियों एवं कर्मियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. साथ ही कार्यालय परिसर में उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने के भी निर्देश दिए.
इस अवसर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह, नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





