जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.


पहली घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे महतोडीह गांव के समीप हुई. जानकारी के अनुसार कोरिडी वन निवासी जाहिर अंसारी हीरो शोरूम से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान महतोडीह के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
दूसरी घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे शिवपुर के पास हुई. बताया गया कि कुर्ता गांव निवासी बिनोद पंडित और रोहित पंडित बाइक से नारायणपुर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान शिवपुर के समीप उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को भी सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

