जमशेदपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) सिंहभूम जिला परिषद ने जंतर- मंतर में हुए छात्र आंदोलन के समर्थन में सोमवार को राष्ट्रपति के नाम पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में छात्र आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई.



भाकपा के जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि छात्रों के लंबे आंदोलन के बाद सरकार को उनकी कुछ मांगें स्वीकार करनी पड़ीं और पेपर लीक प्रकरण में शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए.
ज्ञापन में आंदोलन में शामिल छात्रों और उनके परिवारों को किसी भी प्रकार से प्रताड़ित नहीं करने, आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने तथा आंदोलन का समर्थन करने वाले लोगों को परेशान नहीं करने की मांग की गई है. इसके अलावा बिना वर्दी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, एनटीए के चेयरपर्सन को हटाने, दूसरे जिले में परीक्षा केंद्र होने पर छात्रों के लिए निःशुल्क बस या रेल यात्रा की व्यवस्था तथा शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते निजीकरण पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई.
अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि छात्रों के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को इन मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने चाहिए. ज्ञापन पर पार्टी के जिला सचिव सहित कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं.





